संतकबीरनगर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के जनपद आगमन पर खलीलाबाद नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष जगत जायसवाल ने अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया। गुरुद्वारा परिसर में पुष्पमाला पहनाकर प्रदेश अध्यक्ष का अभिनंदन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
इसके बाद आयोजित पूर्व सांसद स्वर्गीय शरद त्रिपाठी की पांचवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
सभा को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष जगत जायसवाल ने कहा कि स्वर्गीय शरद त्रिपाठी केवल जनप्रतिनिधि नहीं, बल्कि जननायक थे। उन्होंने जनपद के विकास के लिए जो कार्य किए, उन्हें हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि आज उनकी कमी सभी को महसूस होती है और उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बना रहेगा।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय शरद त्रिपाठी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।