रिपोर्ट: संजय त्रिपाठी।
सिद्धार्थनगर। तहसील सभागार डुमरियागंज में उपजिलाधिकारी विवेकानंद मिश्र की अध्यक्षता में राजस्व निरीक्षक लालकृष्ण श्रीवास्तव एवं संग्रह अमीन राकेश कुमार गुप्ता के सेवानिवृत्त होने पर विदाई एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के तत्वावधान में राजस्व निरीक्षक संघ और संग्रह अमीन संघ द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए उपजिलाधिकारी विवेकानंद मिश्र ने कहा कि सेवा में नियुक्ति के साथ ही सेवानिवृत्ति की तिथि भी तय हो जाती है। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग केवल खसरा-खतौनी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जनविश्वास और भू-अभिलेखों की शुचिता से जुड़ा महत्वपूर्ण विभाग है। प्राकृतिक आपदाओं, बाढ़, अग्निकांड और अन्य आपात स्थितियों में भी राजस्व कर्मियों को जनसेवा के लिए सदैव तत्पर रहना पड़ता है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से नौकरी के साथ जनसेवा का संकल्प लेकर कार्य करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी ने अपने सुरक्षा गार्ड बलराम तिवारी, जो इसी दिन सेवानिवृत्त हुए, को भी अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी।
कार्यक्रम का संचालन लेखपाल संघ के तहसील मंत्री देवेंद्र राठौर ने किया। समारोह को तहसीलदार रवि कुमार यादव, नायब तहसीलदार राघवेंद्र पांडेय, राजस्व निरीक्षक रमेश चंद्र श्रीवास्तव, लेखपाल संघ के जिला मंत्री आनंद गौतम सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी संबोधित किया।
समारोह में लेखपाल संघ के अध्यक्ष प्रवेश शुक्ला, अमीन संघ के अध्यक्ष शिवसागर गुप्ता, मंत्री संतराम, राजस्व लिपिक अजय कुमार पाठक, लेखपाल, संग्रह अमीन तथा बड़ी संख्या में राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।