प्रतापगढ़। जनपद में एक दारोगा पर शादी का झांसा देकर महिला से शारीरिक संबंध बनाने का गंभीर आरोप लगा है। गौतम बुद्ध नगर निवासी महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने आरोपी दारोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश भी दिए हैं।
पीड़िता का आरोप है कि भदोही में तैनाती के दौरान उसकी मुलाकात दारोगा अर्जुन सिंह से हुई थी। दारोगा ने खुद को अविवाहित बताते हुए शादी का भरोसा दिलाया और इसी विश्वास में महिला से शारीरिक संबंध बनाए। बाद में जब महिला ने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी मुकर गया। जांच में पता चला कि दारोगा पहले से ही शादीशुदा है।
महिला ने इस संबंध में प्रतापगढ़ के पुलिस अधीक्षक से शिकायत की, जिसके बाद मामले की जांच कराई गई। प्रथम दृष्टया आरोप गंभीर पाए जाने पर आरोपी दारोगा के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई। साथ ही उसे निलंबित कर विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। यदि आरोप सिद्ध होते हैं तो आरोपी दारोगा के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।