रिपोर्ट: अभिनव अग्रवाल।
नजीबाबाद। भारतीय युवा कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए कस्बा साहनपुर निवासी एडवोकेट मोहम्मद फैज़ को जनपद बिजनौर की नजीबाबाद विधानसभा इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है।
जारी नियुक्ति पत्र में भारतीय युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष ठाकुर गौतम सिसोदिया ने विश्वास जताया है कि मोहम्मद फैज़ अपनी ऊर्जा, समय और समर्पण के साथ संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने तथा पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
नियुक्ति पत्र में यह भी कहा गया है कि वह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा, भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब, राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी विशाल चौधरी तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष पारस शुक्ला के नेतृत्व में संगठन को और मजबूत करने का कार्य करेंगे।
अपनी नियुक्ति पर एडवोकेट मोहम्मद फैज़ ने पार्टी के शीर्ष एवं जिला नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में युवाओं को संगठन से जोड़ने, जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने तथा संगठन के विस्तार के लिए निरंतर कार्य किया जाएगा।