हरिद्वार से दीपक कुमार की रिपोर्ट
हरिद्वार। आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए नगर निगम ने बुधवार को भूपतवाला क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध अतिक्रमण हटाए गए, ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
नगर निगम की टीम ने मौके पर मौजूद अतिक्रमणकारियों पर जुर्माना भी लगाया, जबकि अनुपस्थित लोगों का अतिक्रमण हटाकर उनका सामान जब्त कर लिया गया।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में यात्रा मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। विशेष रूप से भूपतवाला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की अधिक आवाजाही रहती है, इसलिए यहां किसी भी प्रकार के अवैध अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नगर निगम ने लोगों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें और कांवड़ यात्रा को सुचारु एवं सुरक्षित बनाने में प्रशासन का सहयोग करें।