डीएम की अध्यक्षता में सैनिक बंधु की बैठक हुई आयोजित, पूर्व सैनिकों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के निर्देश।

Vijaydoot News

संत कबीर नगर। गुरुवार को जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में जिला सैनिक कल्याण भवन सभागार में ‘सैनिक बंधु’ की बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में जनपद के लगभग 40 पूर्व सैनिकों द्वारा प्रतिभाग किया गया और अपनी विभिन्न समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखी गईं।

जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में उपस्थित समस्त पूर्व सैनिकों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सैनिकों और पूर्व सैनिकों का सम्मान तथा उनकी समस्याओं का त्वरित निस्तारण हमारी राष्ट्रीय प्रतिबद्धता है।
बैठक का संचालन करते हुए जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी, कर्नल राम प्रकाश मिश्र ने जिलाधिकारी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी इस सैनिक कल्याण भवन की नींव के पत्थर हैं। उनका उदार हृदय एवं सैनिकों के प्रति उनकी संवेदनशीलता अनुकरणीय है।

बैठक में पूर्व सैनिकों की समस्याओं की सुनवाई करते हुए जिलाधिकारी ने पूर्व सैनिक ऋषिकेश के मामले में उप जिलाधिकारी (एस.डी.एम.) खलीलाबाद को निर्देशित किया कि वे आवश्यकतानुसार पुलिस फोर्स लेकर जाएं और प्रार्थी को नियमानुसार कब्जा दिलाएं।
पूर्व सैनिक मुक्तनाथ के प्रकरण का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार, खलीलाबाद को निर्देशित किया कि वे स्वयं मौके का मुआयना करें और प्रार्थी को न्याय दिलाना सुनिश्चित करें।

पूर्व सैनिक रमाकांत के मामले में भी जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार को मौके पर जाकर स्थलीय मुआयना करने और प्रकरण के संबंध में विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संत कबीर नगर जिले के आदर्श एवं वीर चक्र विजेता शहीद सत्यवान सिंह के नाम से सैनिक कल्याण भवन में नवनिर्मित सभागार का फीता काटकर भव्य उद्घाटन किया।

कार्यक्रम के दौरान ‘एक पेड़ माँ के नाम’ महाभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी ने सैनिक कल्याण भवन प्रांगण में पाकड़ का एक पेड़ लगाया। तत्पश्चात, 90 वर्षीय वयोवृद्ध पूर्व सैनिक सूबेदार यदुनंदन मिश्रा ने भी प्रांगण में एक पेड़ लगाकर इस महाभियान को हरी झंडी दी और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर उप जिलाधिकारी खलीलाबाद हृदय राम तिवारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 वी0के0 सोनी, नायब तहसीलदार खलीलाबाद प्रेम नारायण, एसडीओ विद्युत, ओ.एस.डी. (जिलाधिकारी) राकेश कुमार, बन्दोबस्त अधिकारी (चकबन्दी) खलीलाबाद विनय कुमार सिंह, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज सहित संबंधित अधिकारी आदि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *