रिपोर्ट: विजय नागपाल।
कोसीकलां। नगर की रामनगर कॉलोनी स्थित श्री जाहरवीर (गोगाजी) महाराज मंदिर, महावीर बगीची में बाबा जाहरवीर का श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ दुग्धाभिषेक किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर बाबा का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा नगर की सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर समिति ने जानकारी देते हुए बताया कि गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी 15 अगस्त 2026 (शनिवार) को बाबा जाहरवीर (गोगाजी) महाराज की भव्य शोभायात्रा एवं आकर्षक झांकियां निकाली जाएंगी। शोभायात्रा सायं 6 बजे श्री जाहरवीर (गोगाजी) महाराज मंदिर, महावीर बगीची, रामनगर, वाटर वर्क्स, कोसीकलां से प्रारंभ होकर नगर के विभिन्न मार्गों से होकर निकलेगी।
इसके अलावा 13 अगस्त 2026 (गुरुवार) रात्रि 9 बजे मंदिर परिसर में फूल बंगला एवं विशाल जागरण का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर श्री जाहरवीर बाबा जागरण पार्टी, कोसीकलां द्वारा बाबा के भजनों का गुणगान किया जाएगा। वहीं 15 अगस्त को निशान छड़ी शोभायात्रा भी निकाली जाएगी।
मंदिर समिति ने नगरवासियों से अपील की है कि वे मेले एवं धार्मिक कार्यक्रमों में तन, मन और धन से सहयोग देकर पुण्य के भागी बनें तथा अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएं।