•20 फरवरी 2027 तक चलेंगे विविध कार्यक्रम, रविदास मंदिरों में स्वच्छता अभियान, दीप प्रज्वलन और कलश यात्राओं का होगा आयोजन।
बस्ती। भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय, बस्ती में बुधवार को संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले ‘समरसता संकल्प अभियान’ की तैयारियों को लेकर जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन जिला महामंत्री एवं अभियान संयोजक अभिषेक कुमार ने किया। सह-संयोजक राजेंद्र राजभर, प्रदीप निषाद, संतोष कुमार गौतम और प्रमोद कनौजिया भी मौजूद रहे।


बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्र ने संत रविदास जी के प्रसिद्ध दोहे “ऐसा चाहूँ राज मैं, जहाँ मिलै सबन को अन्न।
छोट बड़ो सब सम बसै, रैदास रहै प्रसन्न॥”
का उल्लेख करते हुए कहा कि संत रविदास जी की वाणी और दर्शन आज भी समाज को समानता, समरसता और मानवता का संदेश देते हैं।
उन्होंने बताया कि 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक जिलेभर में ‘समरसता संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान के तहत सभी रविदास मंदिरों एवं मठों में विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया जाएगा।
गुरु पूर्णिमा पर होगी विशेष शुरुआत
29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर रविदास मंदिरों में साफ-सफाई, संत रविदास जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन किया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक मंडल से रविदास मंदिरों तक भव्य कलश यात्राएं निकाली जाएंगी। 29 जुलाई से 14 अगस्त के बीच जिले के विभिन्न स्थानों पर सामाजिक समरसता एवं भक्तिभाव के साथ कलश यात्रा कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास जी ने ‘कर्म ही सच्ची पूजा है’ का संदेश दिया। उन्होंने समाज को यह शिक्षा दी कि व्यक्ति की महानता उसकी जाति या जन्म से नहीं, बल्कि उसके श्रेष्ठ कर्मों से तय होती है। साथ ही उन्होंने ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ का संदेश देकर आंतरिक पवित्रता और सद्भावना को सर्वोच्च महत्व बताया।
बैठक को पूर्व विधायक रवि सोनकर, ब्लॉक प्रमुख जटाशंकर शुक्ल, योगेंद्र सिंह, राकेश श्रीवास्तव, रामायण सिंह, दुष्यंत विक्रम सिंह, पुष्करादित्य सिंह, अंकुर वर्मा, प्रबल मालानी, अमृत कुमार वर्मा एवं प्रेम प्रकाश चौधरी ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर अखंड प्रताप सिंह, वीरेंद्र गौतम, दिलीप पांडेय, शिवानी सिंह, शालिनी मिश्र, राकेश शर्मा, नीलम गौड़, सुरेंद्र कुमार चौधरी, सुधाकर पांडेय ‘नीरज’, विनय सिंह भारद्वाज, राधेश्याम कमलापुरी, अजयपाल सिंह, वेद प्रकाश त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।