बार-बेंच समन्वय से मजबूत होगी न्याय व्यवस्था, डुमरियागंज तहसील सभागार में अधिवक्ताओं की समस्याओं पर गंभीरता से हुई चर्चा।

Vijaydoot News

सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज तहसील सभागार में मंगलवार को उपजिलाधिकारी विवेकानन्द मिश्र की अध्यक्षता में बार एवं बेंच की एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई। बैठक में तहसीलदार अजय कुमार मौर्य, नायब तहसीलदार राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय तथा तहसील के अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्यों के सुचारु संचालन, अधिवक्ताओं की समस्याओं और बार-बेंच के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया।

बैठक के दौरान अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्यों से जुड़ी विभिन्न व्यावहारिक समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा और उनके शीघ्र समाधान की मांग की। अधिवक्ता ओम प्रकाश श्रीवास्तव, आशीष श्रीवास्तव, रमापति सिंह, देवेंद्र पाठक, इन्द्रमणि पाण्डेय, शक्ति प्रकाश, वीरेंद्र सिंह, राधेश्याम सिंह, श्रीकांत श्रीवास्तव आदि ने अधिवक्ताओं तथा वादकारियों से संबंधित मुद्दों को विस्तार से उठाया।

उपजिलाधिकारी विवेकानन्द मिश्र ने कहा कि बार और बेंच एक सिक्के के दो पहलू हैं। दोनों का उद्देश्य फरियादियों और वादकारियों को समयबद्ध एवं निष्पक्ष न्याय दिलाना है। उन्होंने कहा कि प्रशासन और अधिवक्ताओं के बीच बेहतर संवाद एवं समन्वय से न्यायिक व्यवस्था और अधिक प्रभावी बनेगी।

तहसीलदार अजय कुमार मौर्य ने कहा कि अधिवक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा बार-बेंच के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखने के लिए प्रत्येक माह समन्वय बैठक आयोजित की जानी चाहिए। वहीं, नायब तहसीलदार राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने अधिवक्ताओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने का आश्वासन दिया।

इस दौरान अधिवक्ता शैलेंद्र रावत, मोहम्मद हुसैन, सुभाष विश्वकर्मा, रामबहादुर यादव, विनोद द्विवेदी, सरस श्रीवास्तव, राहुल सिंह, राजीव अग्रहरि, अभय त्रिपाठी, प्रवीण श्रीवास्तव, अमित वर्मा, मिथलेश यादव, सुनील कुमार, सोनू यादव, उदयभान, जटाशंकर पाण्डेय आदि मौजूद रहे।