डीएम ने मनरेगा से निर्मित तालाबों का किया निरीक्षण, साफ-सफाई और रखरखाव के दिए निर्देश।

Vijaydoot News

संत कबीर नगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार ने बुधवार को नाथनगर विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों में मनरेगा योजना के अंतर्गत निर्मित तालाबों एवं अमृत सरोवरों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने तालाबों की साफ-सफाई, संरक्षण एवं रखरखाव को लेकर संबंधित अधिकारियों और ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त श्रम एवं रोजगार प्रभात द्विवेदी, खंड विकास अधिकारी नाथनगर, ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम प्रधान, तकनीकी सहायक, अवर अभियंता (भूमि संरक्षण) सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

जिलाधिकारी ने सबसे पहले ग्राम पंचायत मोलनापुर में निर्मित अमृत सरोवर एवं समीप स्थित तालाब का निरीक्षण किया। उन्होंने खंड विकास अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को तालाबों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने ओनबिलाई, देवकली खुर्द एवं गोंदौरा ग्राम पंचायतों में वित्तीय वर्ष 2020-21 एवं उससे पूर्व मनरेगा के तहत निर्मित तालाबों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गोंदौरा स्थित अमृत सरोवर में जलकुंभी मिलने पर ग्राम प्रधान एवं ग्राम पंचायत सचिव को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। वहीं ओनबिलाई के अमृत सरोवर में कमलगट्टा, झाड़ियों एवं अन्य अवांछित वनस्पतियों की सफाई सुनिश्चित करने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।

जिलाधिकारी ने कहा कि मनरेगा योजना के अंतर्गत निर्मित तालाबों का नियमित रखरखाव और स्वच्छता सुनिश्चित करना आवश्यक है, ताकि उनका उपयोग जल संरक्षण, भू-जल संवर्धन तथा ग्रामीणों की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए प्रभावी ढंग से किया जा सके।