मीरजापुर। कोतवाली कटरा पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने एवं दुष्कर्म के मामले में नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, 23 जून 2026 को थाना कोतवाली कटरा में एक व्यक्ति ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उसकी नाबालिग पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाया गया है। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली कटरा में मुकदमा संख्या 192/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में गुरुवार को उपनिरीक्षक महेंद्र पटेल ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर नामजद अभियुक्त मनोहर बिंद पुत्र संतलाल बिंद निवासी चंद्रदीपा जंगी रोड, थाना कोतवाली कटरा, जनपद मीरजापुर को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने विवेचना के दौरान मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 4(2) की बढ़ोतरी करते हुए अभियुक्त के विरुद्ध कार्रवाई की। आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।