•30वीं वाहिनी पीएसी गोंडा ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का किया भ्रमण, राहत-बचाव व्यवस्था की सराहना
बस्ती। संभावित बाढ़ की स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर शुक्रवार को 30वीं वाहिनी पीएसी, गोंडा की बाढ़ राहत एवं बचाव टीम ने जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, बस्ती का भ्रमण कर आपदा प्रबंधन संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
इस दौरान जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के आपदा विशेषज्ञ रंजीत रंजन ने पीएसी दल का स्वागत करते हुए जनपद की भौगोलिक स्थिति, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों, प्रमुख नदियों, संवेदनशील तटबंधों, संभावित जोखिम वाले गांवों, राहत शिविरों, निकासी मार्गों और आपातकालीन संचार व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने 30वीं वाहिनी पीएसी के प्लाटून कमांडर कमलेश कुमार को जनपद की ‘बाढ़ तैयारी पुस्तिका’ भी भेंट की, जिसमें बाढ़ प्रबंधन से जुड़ी आवश्यक जानकारियां, विभागवार दायित्व, राहत एवं बचाव संसाधनों का विवरण, संपर्क सूची और आपदा के समय अपनाई जाने वाली कार्ययोजना शामिल है।
बैठक में बताया गया कि बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु सभी निविदा प्रक्रियाएं समय पर पूरी कर ली गई हैं। राहत सामग्री, नावें, खोज एवं बचाव उपकरण, आश्रय स्थल, चिकित्सा, पेयजल, विद्युत, पशु चिकित्सा और संचार व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं।
पीएसी दल ने जिला प्रशासन और जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की तैयारियों की सराहना करते हुए आश्वासन दिया कि किसी भी आपात स्थिति में जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर त्वरित राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जाएंगे।
जिला प्रशासन ने दोहराया कि संभावित बाढ़ की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।