रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
मिश्रित (सीतापुर)। विकासखंड मिश्रित की ग्राम पंचायत मिश्रित देहात के मजरा वृंदावन में शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे पीपल के पेड़ से गिरकर एक बंदर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायल बंदर लंबे समय तक उपचार के अभाव में जमीन पर तड़पता रहा, जिससे ग्रामीणों में वन विभाग और पशु चिकित्सा विभाग के प्रति नाराजगी व्याप्त हो गई।
ग्रामीणों एवं भारतीय किसान यूनियन के नेता रंजीत सिंह का आरोप है कि घटना की सूचना तत्काल वन क्षेत्राधिकारी (रेंजर) सिकंदर सिंह, पशु चिकित्सा अधिकारी मिश्रित तथा उपजिलाधिकारी मिश्रित को फोन के माध्यम से दी गई। इसके बावजूद काफी देर तक कोई भी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा।
ग्रामीणों का कहना है कि घायल बंदर की देखभाल वे स्वयं कर रहे हैं। उसे भोजन और पानी उपलब्ध कराया जा रहा है, लेकिन समय पर चिकित्सीय उपचार न मिलने से उसकी हालत लगातार गंभीर बनी हुई है।
ग्रामीणों के अनुसार काफी प्रयासों के बाद वन विभाग की एक टीम गांव पहुंची, लेकिन टीम ने घायल बंदर को उपचार के लिए अपने साथ ले जाने से इनकार कर दिया। इसको लेकर लोगों में आक्रोश फैल गया और विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे।
इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी सिकंदर सिंह ने बताया कि वन विभाग की अधिकांश टीमें इस समय संदना क्षेत्र में बाघ पकड़ने के अभियान में लगी हुई हैं, जिसके कारण तत्काल व्यवस्था करने में कठिनाई हो रही है।
ग्रामीणों ने घायल बंदर का शीघ्र उपचार कराने, वन विभाग एवं संबंधित अधिकारियों की कार्यशैली की जांच कराने तथा लापरवाही के दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई किए जाने की मांग की है।