श्रावण मास की तैयारियों का एडीएम व एएसपी ने लिया जायजा, तामेश्वरनाथ धाम व बिड़हर घाट का किया निरीक्षण।

Vijaydoot News

संत कबीर नगर। श्रावण मास के प्रथम सोमवार (3 अगस्त) को होने वाले जलाभिषेक एवं कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) सत्य प्रकाश एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने शनिवार को बाबा तामेश्वरनाथ धाम शिव मंदिर तथा बिड़हर घाट का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर, पंडाल, पोखरा एवं आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और अन्य व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाएं।

इसके बाद अधिकारियों ने बिड़हर घाट का निरीक्षण कर कांवड़ियों द्वारा जल भरने के दौरान की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने घाट पर साफ-सफाई, आवागमन मार्गों पर सुचारु यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा तथा सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए अधिकारियों ने धनघटा सर्किल के संबंधित अधिकारियों को बंधों का नियमित निरीक्षण करने और किसी भी कटान अथवा आपदा की आशंका होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी तथा संबंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।