रिपोर्ट: एल०एम० पाण्डेय।
गोरखपुर। राष्ट्रव्यापी जनभागीदारी के बाद भारतीय रेल पर इस वर्ष 9 से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को अपने घरों, कार्यालयों और प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित करने के साथ तिरंगे के प्रति भावनात्मक एवं राष्ट्रीय जुड़ाव को मजबूत करना है।
‘आजादी का अमृत महोत्सव’ के तहत वर्ष 2022 में शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान पिछले वर्षों में देशभक्ति, राष्ट्रीय अस्मिता और गौरव से जुड़ा व्यापक जनभागीदारी अभियान बन चुका है। अभियान के तहत 15 अगस्त को घरों, कार्यालयों, संस्थानों, रेलवे स्टेशनों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराया जाएगा। विभिन्न अवसरों पर राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ की लिरिक्स भी प्रसारित की जाएगी।
पूर्वोत्तर रेलवे में अभियान के दौरान तिरंगा महोत्सव, तिरंगा कंसर्ट, तिरंगा बाइक एवं साइकिल रैली और तिरंगा यात्रा समेत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रेलवे कारखानों, स्टेशनों और प्रमुख कार्यालयों पर तिरंगा लाइटिंग एवं आकर्षक सजावट के साथ तिरंगा सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जाएंगे।
रेल प्रशासन की ओर से रेलकर्मियों, यात्रियों और आमजन से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई है। लोग तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर अभियान से जुड़ सकते हैं। इसके लिए ‘हर घर तिरंगा’ वेबसाइट पर भी सेल्फी अपलोड कर राष्ट्रव्यापी अभियान में अपनी भागीदारी दर्ज कराई जा सकेगी।