•गांवों तक पहुंच रही वंदन यात्रा, समरसता संकल्प अभियान को मिल रहा जनसमर्थन
बस्ती। भारतीय जनता पार्टी की ओर से संत शिरोमणि रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में महादेवा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कलश वंदन यात्रा एवं समरसता संकल्प अभियान शनिवार को भी जारी रहा। बनकटी मंडल के बरोहिया कला गांव में आयोजित कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि रामायण रघुनाथ सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

उन्होंने कहा कि संत शिरोमणि रविदास महाराज ने समाज में समानता, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट करने तथा आपसी प्रेम और भाईचारा बनाए रखने की प्रेरणा देते हैं। कलश वंदन यात्रा का उद्देश्य संत रविदास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। भाजपा उनके विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के जिला संयोजक एवं भाजपा जिला महामंत्री तथा साऊंघाट के ब्लॉक प्रमुख अभिषेक कुमार ने बताया कि शनिवार को वंदन यात्रा बनकटी मंडल के सिसई बाबू, दुबौली कला, खरवनिया, देईसाड़, मकदूमपुर और मथौली समेत विभिन्न गांवों में पहुंची। ग्रामीणों ने यात्रा का स्वागत किया और संत रविदास के विचारों को आत्मसात करते हुए सामाजिक समरसता को मजबूत करने का संकल्प लिया।
अभिषेक कुमार ने कहा कि संत रविदास की शिक्षाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं, जितनी उनके समय में थीं। उनका जीवन समाज के अंतिम व्यक्ति के सम्मान और उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि वंदन यात्रा एवं समरसता संकल्प अभियान को ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनसमर्थन मिल रहा है।
इस दौरान बनकटी मंडल अध्यक्ष अंकित पाण्डेय ‘पवन’, जगदम्बा शुक्ल, रविचन्द पाण्डेय, चन्द्रशेखर मुन्ना, सतीश सोनकर, अखिलेश कुमार शुक्ल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।