•काशीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम में 11 अगस्त को होगा मुख्यमंत्री का कार्यक्रम, कार्यकर्ताओं के साथ बनाई रणनीति
के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संतकबीरनगर। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 11 अगस्त को जनपद मुख्यालय स्थित काशीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रस्तावित आगमन को लेकर खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं। सदर विधायक अंकुर राज तिवारी ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विधानसभा क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया है।
विधायक अंकुर राज तिवारी ने सोमवार को सुबह से ही विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों, सेक्टर एवं मंडल अध्यक्षों से मुलाकात की। उन्होंने डारीडीहा, कांटे, उमिला, टेमा रहमत, पंचपोखरी, भुजैनी सहित कई क्षेत्रों में जनसंपर्क कर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने की रणनीति पर चर्चा की।
इस दौरान विधायक ने विधानसभा क्षेत्र की जनता से अपील करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन को सुनने के लिए अधिक से अधिक संख्या में काशीराम स्पोर्ट्स स्टेडियम पहुंचें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भी कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है और कार्यक्रम को भव्य एवं सफल बनाने के लिए सभी स्तरों पर तैयारियां की जा रही हैं। जनसंपर्क अभियान के दौरान स्थानीय कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर भी जानकारी ली गई।