मुख्यमंत्री योगी ने संत कबीर नगर को दी 684 करोड़ की 201 विकास परियोजनाओं की सौगात।

Vijaydoot News

•खलीलाबाद व मेंहदावल क्षेत्र में विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास, लाभार्थियों को चेक, लैपटॉप व प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित।

संत कबीर नगर। प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को संत कबीर नगर के मान्यवर कांशीराम जी स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने श्रावण मास की शिवरात्रि के अवसर पर जनपदवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए जिले के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आश्वासन दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विधानसभा खलीलाबाद एवं मेंहदावल क्षेत्र के लिए 684 करोड़ रुपये से अधिक की 201 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

इन परियोजनाओं में विधानसभा खलीलाबाद की 361 करोड़ रुपये से अधिक की 116 परियोजनाएं तथा विधानसभा मेंहदावल की 322 करोड़ रुपये से अधिक की 85 परियोजनाएं शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी एवं लाभार्थीपरक योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, लैपटॉप एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।

संत कबीर के विचार समाज को देते हैं समरसता का संदेश

विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संत कबीर दास जी के नाम पर जनपद का नाम होना हम सभी के लिए प्रेरणा का विषय है। कबीर दास जी ने जाति-पाति और आडंबर का विरोध करते हुए समाज को समरसता एवं मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज का मार्गदर्शन कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के माध्यम से आमजन के जीवन में समृद्धि, परिवर्तन और प्रगति लाना ही विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सरकार विकास के प्रत्येक क्षेत्र में प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

तामेश्वरनाथ धाम कॉरिडोर को मिलेगा भव्य स्वरूप

मुख्यमंत्री ने बाबा तामेश्वरनाथ धाम कॉरिडोर के विकास की चर्चा करते हुए कहा कि कॉरिडोर के निर्माण से क्षेत्र की आस्था के साथ विकास को भी नई दिशा मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी का अहित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने बाबा बैजूनाथ धाम मंदिर के जीर्णोद्धार से संबंधित कार्यों का प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में संत कबीर नगर में विकास प्राधिकरण बनाए जाने की योजना पर विचार किया जाएगा। साथ ही ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज’ के तहत जनपद को आच्छादित किए जाने की दिशा में भी योजना पर विचार किया जाएगा।

भय और भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था का किया दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में अराजकता और भय का माहौल था, जिसका खामियाजा युवाओं को भुगतना पड़ता था। आज प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और व्यापारी, नौजवान तथा आम नागरिक सुरक्षित वातावरण में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ किए गए प्रयासों के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं और उत्तर प्रदेश देश में उत्तम प्रदेश के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में नए एम्स, मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, मैनेजमेंट कॉलेज, सूचना प्रौद्योगिकी एवं स्टार्टअप के लिए बेहतर इकोसिस्टम तैयार किया गया है। सरकार विकास के हर क्षेत्र में जीरो टॉलरेंस नीति के साथ काम कर रही है तथा युवाओं की प्रतिभा के साथ किसी भी स्तर पर अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि संत कबीर नगर में इंफ्रास्ट्रक्चर, चिकित्सा, सड़क, शिक्षा और जनकल्याण से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीबों, महिलाओं और युवाओं को योजनाओं का लाभ सीधे पहुंचाया जा रहा है।

उन्होंने जनपदवासियों से प्रधानमंत्री के विकसित भारत संकल्प के साथ जुड़ने का आह्वान किया और कहा कि देश, प्रदेश एवं जनपद की तरक्की के लिए सरकार और जनता का मिलकर प्रयास करना आवश्यक है।

विकास प्रदर्शनी का किया अवलोकन

कार्यक्रम स्थल पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी एवं स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान उद्योग, एनआरएलएम, कृषि सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक, लैपटॉप एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम, विधायक खलीलाबाद अंकुर राज तिवारी, विधायक मेंहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी, विधायक धनघटा गणेश चंद्र चौहान, विधान परिषद सदस्य सुभाष यदुवंश एवं संतोष सिंह सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री के आगमन और विकास परियोजनाओं की सौगात पर जनप्रतिनिधियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि 684 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं से खलीलाबाद एवं मेंहदावल क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

कार्यक्रम के दौरान विधायक खलीलाबाद अंकुर राज तिवारी ने मुख्यमंत्री को भगवान शिव की प्रतिमा भेंट की। वहीं जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने राधा-कृष्ण की प्रतिमा स्मृति चिह्न के रूप में भेंट कर आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव, पुलिस उपमहानिरीक्षक संजीव त्यागी, जिलाधिकारी आलोक कुमार, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी सत्यप्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता, अधिकारी, लाभार्थी एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।