•फरह ब्लॉक में कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान, नए जिलाध्यक्ष के चयन को लेकर कार्यकर्ताओं से लिया गोपनीय फीडबैक
फरह। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशा-निर्देशों पर चलाए जा रहे ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत बुधवार को फरह ब्लॉक में महत्वपूर्ण ब्लॉक स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की मुख्य पर्यवेक्षक अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव डॉ. अंजलि निंबालकर रहीं। बैठक की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने की। सहयोगी समन्वयक के रूप में शिवराम वाल्मीकि और प्रतिमा सिंह मौजूद रहे।

बैठक का मुख्य उद्देश्य नए जिलाध्यक्ष के चयन की प्रक्रिया को पारदर्शी और कार्यकर्ताओं की राय के अनुरूप बनाना रहा। इसी क्रम में मुख्य पर्यवेक्षक डॉ. अंजलि निंबालकर ने मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं से व्यक्तिगत और गोपनीय रूप से राय-मशविरा किया। उन्होंने एक-एक कार्यकर्ता को अलग कमरे में बुलाकर नए जिलाध्यक्ष के चयन को लेकर उनकी राय जानी तथा संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाने से जुड़े सुझाव भी दर्ज किए।
बैठक में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार बूथ और ब्लॉक स्तर पर संगठन की नई रूपरेखा तैयार करने पर जोर दिया गया। डॉ. अंजलि निंबालकर और जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को नए सिरे से गतिशील बनाने तथा प्रत्येक स्तर पर सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
सहयोगी समन्वयक शिवराम वाल्मीकि और प्रतिमा सिंह ने ब्लॉक स्तरीय समितियों के गठन तथा सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन से जोड़ने को लेकर चर्चा की। साथ ही क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर गांव-गांव जनसंपर्क बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रधान ने किया। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष धीरज शर्मा, दीपक दीक्षित, अमित दीक्षित, ऋषि पाल, लक्ष्मी नारायण धनगर, पूर्व अध्यक्ष विक्रम वाल्मीकि, पूर्व अध्यक्ष उमेश शर्मा, आदित्य तिवारी, अप्रतिम सक्सेना, मलखान सिंह प्रधान, लाल सिंह प्रधान, सुखपाल, प्रतिम सिंह प्रधान, करन निषाद, भगवान सिंह वर्मा, दीपक सिंह, प्रवीण भास्कर, अजय कुमार, धर्मवीर सिंह, जितेंद्र, मुरारी लाल, युद्धवीर सिंह, रिशु सिंह, उमेश चौधरी, यज्ञेश सिंह, राजेश कुमार, अखिलेश यादव, श्रीमती गीता देवी सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।