रिपोर्ट: सौरभ पाठक।
अलीगढ़। मंगलायतन विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल द्वारा विद्यार्थियों को रोजगार के अवसरों एवं कॉरपोरेट जगत की आवश्यकताओं से अवगत कराने के उद्देश्य से प्लेसमेंट टॉक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यह जानकारी दी गई कि शैक्षणिक जीवन से कॉरपोरेट जगत तक का सफल सफर किस प्रकार तय किया जा सकता है।

मुख्य वक्ता लर्निंग रूट्स के एचआर आदित्य चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को कॉरपोरेट सेक्टर की अपेक्षाओं, रोजगार के बदलते स्वरूप तथा पेशेवर कौशल के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जाॅब के लिए संचार कौशल, नेतृत्व क्षमता, समस्या समाधान की योग्यता, टीम वर्क और सकारात्मक दृष्टिकोण महत्वपूर्ण हैं।
प्लेसमेंट सेल प्रभारी डा. लव मित्तल ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर रोजगार अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को उद्योग जगत की वास्तविक आवश्यकताओं को समझने और अपने करियर की दिशा तय करने में मदद करते हैं।
उन्होंने विद्यार्थियों से प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करने का आह्वान किया। विद्यार्थियों ने करियर, इंटरव्यू तैयारी और रोजगार संबंधी विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने समाधान किया। संचालन डा. शालू अग्रवाल ने किया। आयोजन में प्लेसमेंट अधिकारी डा. विपिन कुमार, राहुल शर्मा व ललित किशोर का सहयोग रहा।