गोरखपुर। गोरखपुर रेलवे स्टेशन के चारों ओर तथा स्टेशन के बाहरी दोनों ओर शुक्रवार को संयुक्त एंटी-एन्क्रोचमेंट ड्राइव चलाया गया। पिछले कई दिनों से स्टेशन के आसपास अनधिकृत ठेलों, वेंडरों तथा अनधिकृत रूप से खड़े दोपहिया वाहनों के कारण यातायात जाम की शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। इससे यात्रियों को स्टेशन पहुंचने में कठिनाई हो रही थी तथा कई यात्रियों द्वारा जाम के कारण ट्रेन छूटने की शिकायत भी की गई थी।
यात्रियों की सुविधा एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से स्टेशन डायरेक्टर, गोरखपुर श्री रतनदीप गुप्ता, अपर नगर आयुक्त श्री अतुल कुमार तथा एसपी ट्रैफिक श्री अमित कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में संयुक्त एंटी-एन्क्रोचमेंट अभियान चलाया गया।
अभियान में नगर निगम के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों के साथ रेलवे के आरपीएफ एवं वाणिज्य विभाग के कर्मचारी भी शामिल रहे। अभियान के दौरान अनधिकृत रूप से खड़े विभिन्न वाहनों के चालान किए गए तथा अनधिकृत रूप से लगाए गए ठेलों एवं अन्य अतिक्रमण को हटवाया गया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रियों की सुविधा, यातायात के सुचारु संचालन तथा स्टेशन तक निर्बाध पहुंच सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान समय-समय पर निरंतर जारी रखा जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि यात्रियों को स्टेशन आने-जाने में किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे समय से अपनी ट्रेन पकड़ सकें।