बस्ती। मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने सोमवार को तहसील हर्रैया अंतर्गत बाढ़ से घिरे सुविखा बाबू क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों के साथ स्वास्थ्य, पेयजल, आवागमन तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से बाढ़ की स्थिति और प्रभावित परिवारों तक पहुंचाई जा रही राहत सामग्री की जानकारी ली।
मंडलायुक्त ने राहत एवं आवागमन के लिए संचालित नावों तथा कटान की स्थिति का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि प्रभावित गांवों में आवश्यकता के अनुसार पर्याप्त संख्या में नाव उपलब्ध रहें। नाव संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए, ताकि ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में पर्याप्त रखें स्नेक वेनम और दवाएं
स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्नेक वेनम की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि सर्पदंश की स्थिति में तत्काल उपचार मिल सके। उन्होंने कहा कि एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित रखते हुए आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जाए।
उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए आवश्यक दवाओं की चेकलिस्ट तैयार करने तथा स्वच्छ पेयजल के लिए क्लोरीन की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही संबंधित अधिकारियों को प्रतिदिन बाढ़ से जुड़ी सूचनाओं से अवगत कराने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों से की बातचीत, राहत सामग्री की ली जानकारी
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उन्हें मिल रही राहत सामग्री की जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि प्रभावित परिवारों को राशन किट मिल रही है या नहीं। ग्रामीणों ने राशन किट मिलने की जानकारी दी। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पात्र एवं प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री समय से पहुंचाई जाए और कोई भी जरूरतमंद परिवार राहत से वंचित न रहे।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर दिए विशेष निर्देश
मंडलायुक्त ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलभराव वाले क्षेत्रों में नाव से आवागमन करने वाले प्रत्येक बच्चे को अनिवार्य रूप से लाइफ जैकेट पहनाई जाए। इसके लिए संबंधित लेखपालों की ड्यूटी लगाने और बच्चों के आवागमन की निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि बच्चों की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने तथा राहत, स्वास्थ्य, पेयजल, खाद्यान्न और आवागमन की व्यवस्थाओं को पूरी तरह सक्रिय रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त प्रशासन मनोज कुमार तिवारी, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, उप जिलाधिकारी उमाकांत तिवारी, सहायक अभियंता बाढ़ एस.बी. सिंह, संजय शुक्ला, क्षेत्रीय लेखपाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।