के.के. मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर। श्रावण मास के अंतिम सोमवार के पावन अवसर पर जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना धनघटा क्षेत्र स्थित बाबा बैजूधाम मंदिर पहुंचे। अधिकारियों ने विधि-विधान से भगवान शिव का पूजन-अर्चन एवं दुग्धाभिषेक कर जनपदवासियों के सुख, शांति, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।


पूजन-अर्चन के बाद डीएम एवं एसपी ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने प्रवेश एवं निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल, पुलिस ड्यूटी प्वाइंट तथा श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता, संवेदनशीलता और पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण में दर्शन-पूजन की सुविधा मिल सके।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा, चिकित्सा सहायता, पेयजल, स्वच्छता एवं आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जाए।
डीएम एवं एसपी ने श्रद्धालुओं से प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल निकटतम पुलिसकर्मी अथवा पुलिस कंट्रोल रूम को देने को कहा।
जनपद प्रशासन एवं पुलिस द्वारा श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।