रक्षाबंधन पर महिलाओं को मुख्यमंत्री की सौगात, तीन दिन निःशुल्क बस यात्रा और 60 वर्ष से अधिक आयु की माताओं को आजीवन मुफ्त सफर।

Vijaydoot News

संत कबीर नगर। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर प्रदेश की माताओं, बहनों और बेटियों को बड़ी सौगात देते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 27 से 29 अगस्त 2026 तक सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा देने की घोषणा की। साथ ही 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की साधारण बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान करने वाली ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ किया।

लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित मातृशक्ति सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने योजना का शुभारंभ करते हुए विशेष बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने माताओं, बहनों एवं बेटियों को अंगवस्त्र/साड़ी और मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया। वहीं 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को योजना के सांकेतिक स्मार्ट कार्ड, साड़ी एवं मिष्ठान प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण संत कबीर नगर के कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद माताओं, बहनों, बेटियों, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने देखा और सुना। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी ने की। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष नीतू सिंह, जिलाधिकारी आलोक कुमार और मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सरकार की प्राथमिकता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा महिला कल्याण, सुरक्षा, रोजगार और स्वावलंबन से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाएं और बेटियां आज विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और कार्यकुशलता के बल पर मजबूत भागीदारी निभा रही हैं।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी एफपीओ, ओडीओपी, एमएसएमई और स्टार्टअप इकोसिस्टम सहित विभिन्न क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही है। सरकार महिलाओं और बेटियों को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

एक करोड़ से अधिक महिलाओं को मिलेगा लाभ

मुख्य अतिथि चारू चौधरी ने कहा कि रक्षाबंधन से पहले प्रदेश सरकार ने माताओं और बहनों को बड़ी सौगात दी है। ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना के तहत 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को परिवहन निगम की साधारण बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि प्रदेश की एक करोड़ से अधिक महिलाएं इस योजना से लाभान्वित हो सकेंगी।

उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर 27 अगस्त को सुबह छह बजे से 29 अगस्त की रात 12 बजे तक प्रदेश की माताओं, बहनों एवं बेटियों को एक सहयात्री सहित परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध रहेगी। उन्होंने महिलाओं से सरकार की योजनाओं के प्रति स्वयं जागरूक रहने और अन्य महिलाओं को भी जागरूक करने का आह्वान किया।

जनपद में भी आयोजित हुआ मातृशक्ति सम्मान समारोह

संत कबीर नगर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि चारू चौधरी ने माताओं और बहनों को साड़ी एवं मिष्ठान भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, शिक्षा और स्वावलंबन के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष नीतू सिंह ने प्रदेश की महिलाओं को तीन दिन निःशुल्क बस यात्रा तथा 60 वर्ष से अधिक आयु की माताओं को आजीवन निःशुल्क यात्रा की सुविधा देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं से महिलाएं और बेटियां आत्मनिर्भर बन रही हैं।

जिलाधिकारी आलोक कुमार ने मुख्यमंत्री द्वारा शुरू की गई योजना एवं निःशुल्क बस यात्रा की सौगात पर आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की योजनाओं का जनपद में निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होंने महिलाओं से सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की। साथ ही संबंधित विभागों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर पूर्व क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भाजपा उर्मिला त्रिपाठी, महिला मोर्चा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संगीता वर्मा, रजनी पाण्डेय, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष भाजपा सुनीता अग्रहरि, जिला अध्यक्ष महिला मोर्चा ऊषा पाण्डेय, जिला उपाध्यक्ष महिला मोर्चा किरण प्रजापति सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में माताएं, बहनें और बेटियां मौजूद रहीं।