नेपाल में प्राकृतिक आपदा के बाद प्रशासन अलर्ट, लापता नागरिकों के लिए हेल्पलाइन जारी।

Vijaydoot News

संत कबीर नगर। नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा के मद्देनजर संत कबीर नगर जिला प्रशासन ने जनपद के नागरिकों की सहायता एवं समन्वय के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिलाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर प्रशासन ने नेपाल में फंसे अथवा लापता होने की आशंका वाले जनपदवासियों के परिजनों से तत्काल प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।

जिला प्रशासन के अनुसार किसी नागरिक के लापता होने की सूचना दर्ज कराने के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) अथवा कलेक्ट्रेट कंट्रोल रूम से संपर्क किया जा सकता है। इसके लिए टोल फ्री नंबर 1070 और 1077 तथा टेलीफोन नंबर 05547-297227 जारी किया गया है।

इसके अलावा जिला आपदा विशेषज्ञ के मोबाइल नंबर 9598666578, उप जिलाधिकारी खलीलाबाद 9454415925, उप जिलाधिकारी मेंहदावल 9454415926 तथा उप जिलाधिकारी धनघटा 9454415927 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

लापता व्यक्ति की सूचना देते समय यह जानकारी दें
प्रशासन ने कहा है कि लापता नागरिक की सूचना देते समय उसका पूरा नाम, आयु, लिंग, आधार कार्ड नंबर और स्थायी पता, जिसमें ग्राम/मोहल्ला, थाना, तहसील एवं जनपद का विवरण शामिल हो, उपलब्ध कराया जाए।
इसके साथ ही नेपाल में व्यक्ति की अंतिम लोकेशन, वह किस शहर या स्थान जैसे काठमांडू, पोखरा, मुस्तांग आदि गया था, आखिरी बार कब संपर्क हुआ, उसका मोबाइल नंबर तथा नेपाल में संभावित होटल या गाइड की जानकारी भी दी जाए।

सूचना देने वाले परिजन या परिचित का नाम, मोबाइल नंबर और लापता व्यक्ति से संबंध की जानकारी भी प्रशासन को उपलब्ध कराने को कहा गया है।

अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील
जिलाधिकारी ने नेपाल आपदा से संबंधित जनपद के परिजनों एवं नागरिकों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और सोशल मीडिया पर प्रसारित असत्यापित खबरों पर भरोसा न करें। उन्होंने कहा कि केवल जिला प्रशासन अथवा भारतीय दूतावास की आधिकारिक सूचनाओं को ही सही मानें।

उन्होंने स्थानीय पुलिस या तहसीलदार को भी तत्काल सूचना देने तथा निकटतम थाना अथवा तहसील कार्यालय में लापता व्यक्ति का विवरण दर्ज कराने की अपील की है, ताकि सूचना राज्य स्तरीय राहत आयुक्त कार्यालय के माध्यम से विदेश मंत्रालय तक भेजी जा सके।

प्रशासन ने बताया कि नेपाल के कई क्षेत्रों में नेटवर्क बाधित हो सकता है। ऐसे में फोन संपर्क नहीं होने पर WhatsApp अथवा Telegram जैसे इंटरनेट आधारित मैसेजिंग माध्यमों से संदेश भेजकर कुछ समय प्रतीक्षा करने की सलाह दी गई है। लापता व्यक्ति की अंतिम लोकेशन और यात्रा संबंधी जानकारी उपलब्ध होने पर प्रशासन को राहत एवं समन्वय में मदद मिलेगी।