बस्ती। सेन्ट्रल एकेडमी में गुरुवार को रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय की छात्राओं ने पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) संजीव त्यागी समेत पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को रक्षासूत्र बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के साथ सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द का संदेश दिया।

छात्राओं राजश्री तिवारी, आराध्या, एंजेल, साक्षी, हिफ्जा, अंजली, आरोही, सिनीन, समृद्धि और शिप्रा ने डीआईजी संजीव त्यागी सहित पुलिसकर्मियों को राखी बांधी। छात्राओं ने सभी के सुखी, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन तथा निरंतर सफलता की कामना की। साथ ही देश की सेवा में तैनात जवानों के लिए विद्यालय की ओर से राखियां भी भेजी गईं।
छात्राओं ने कहा कि पुलिसकर्मी समाज की सुरक्षा, शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। रक्षाबंधन पर उन्हें राखी बांधना उनके प्रति सम्मान, स्नेह और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।
पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को स्नेहपूर्वक आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम शिक्षा और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में संस्कार, सामाजिक जिम्मेदारी, सम्मान और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करते हैं।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक जे.पी. तिवारी ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा, प्रेम, सम्मान और विश्वास की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है। विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, संस्कार और सामाजिक मूल्यों से जोड़ना शिक्षा का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।
प्रधानाध्यापिका दीपिका तिवारी ने कहा कि रक्षाबंधन का आयोजन छात्राओं में सेवा, सम्मान और सामाजिक दायित्व की भावना विकसित करता है। समाज की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों के समर्पण के प्रति सम्मान व्यक्त करना गर्व का विषय है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में आबिद अरशद, फिजा यूनस, प्रियंका त्रिपाठी, अंजली, फिजा अकरम, अतुल सोनकर, सुधा जिसान, रुचि, रानी विश्वकर्मा, शम्स परवेज और मुदस्सर आजम का योगदान रहा। विद्यालय परिवार ने रक्षाबंधन को प्रेम, सम्मान, सुरक्षा, संस्कार और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ मनाया।