संविधान और आरक्षण बचाने के लिए एकजुट हो जनता: समाजवादी पार्टी

Vijaydoot News

कुदरहा। महादेवा विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत गायघाट स्थित एक मैरिज हॉल में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं की एक विशाल जनसभा आयोजित की गई। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर आयोजित इस सभा में सपा नेताओं और विधायकों ने ‘संविधान और आरक्षण बचाओ’ का हुंकार भरते हुए अखिलेश यादव को 2027 में पुनः मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प लिया।

सभा को संबोधित करते हुए कप्तागंज विधायक अतुल चौधरी, रुधौली विधायक राजेंद्र चौधरी, सदर विधायक महेंद्र नाथ यादव और महादेवा प्रभारी राजेंद्र पाल ने कहा कि जब-जब देश में संविधान और लोकतंत्र पर खतरा मंडराया है, महादेवा की जनता ने हमेशा सजग रहकर लोकतंत्र की रक्षा की है।

पेपर लीक और युवाओं के भविष्य पर तीखा हमला
नेताओं ने राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा जारी 10 पन्नों की पत्रिका दिखाते हुए सरकार को घेरा। आरोप लगाया गया कि नीट (NEET) सहित 22 केंद्रीय और प्रदेश की 23 परीक्षाओं के पेपर लीक कराकर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है। 18-18 घंटे पढ़ाई करने वाले गरीब और किसान के बच्चों के सपनों को 20 से 30 लाख रुपये में बेचा जा रहा है, ताकि गरीब का बेटा उच्च पदों पर न पहुंच सके। इसके अलावा वाइस चांसलर की नियुक्तियों में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग की उपेक्षा का भी मुद्दा उठाया गया।

2027 में सपा सरकार और प्रमुख वादे
वक्ताओं ने 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर कई अहम घोषणाएं कीं:
समाजवादी छात्रवृत्ति: हर पात्र छात्र-छात्रा को उच्च शिक्षा के लिए ₹40,000 सालाना समाजवादी पेंशन/सहायता दी जाएगी।

पारदर्शी पुलिस भर्ती: पुलिस व्यवस्था में सुधार कर योग्य युवाओं को मौका दिया जाएगा, ताकि कालाबाजारी और अपराध पर अंकुश लग सके।
संवैधानिक अधिकारों की रक्षा: मंडल आयोग के तहत मिलने वाले अधिकारों और आरक्षण की सुरक्षा के लिए पाल, चौहान, कश्यप, निषाद, यादव और दलित समाज को एकजुट होने का आह्वान किया गया।

‘साइकिल’ ही रहेगा एकमात्र चेहरा
नेताओं ने स्पष्ट किया कि प्रत्याशी कोई भी हो, जनता को केवल “साइकिल” चुनाव चिन्ह पर ध्यान केंद्रित करना है। लाल टोपी को क्रांति की निशानी बताते हुए नफरत छोड़कर एकजुट होने की अपील की गई।

कार्यक्रम में सेक्टर और बूथ प्रभारियों के साथ जावेद पिंडारी, विजय विक्रम आर्या, गीता भारती, गुलाब सोनकर, रोहित आर्य, राम जीवन और संजय भारती सहित भारी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ता व जनता उपस्थित रही।