फर्जी लोन के नाम पर अश्लील फोटो से ब्लैकमेलिंग, चार साइबर ठग गिरफ्तार।

Vijaydoot News

बस्ती। फर्जी लोन देने के नाम पर लोगों के मोबाइल की गैलरी और कॉन्टैक्ट लिस्ट का एक्सेस लेकर अश्लील फोटो तैयार कर धमकी के जरिए धन उगाही करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का कोतवाली पुलिस और साइबर सेल ने पर्दाफाश किया है।

संयुक्त टीम ने धोबी घाट अमहट से गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निखिल सिंह (19) निवासी मनिकारपुर, थाना हरैया, गौरव सिंह (18), अफरोज (19), दोनों निवासी पिकौरा, थाना पैकोलिया और प्रद्युम्न चौरसिया (25) निवासी कलवारी मुस्तहकम के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी व्हाट्सएप और टेलीग्राम के जरिए आसान लोन का लिंक भेजकर मोबाइल का एक्सेस हासिल करते थे। इसके बाद पिक्सआर्ट ऐप से फोटो एडिट कर अश्लील बनाते और वायरल करने की धमकी देकर रुपये वसूलते थे। जांच में महाराष्ट्र, केरल, कर्नाटक समेत कई राज्यों की 12 शिकायतें सामने आई हैं। आरोपियों ने 12 से 15 लाख रुपये तक की वसूली की बात बताई है। पुलिस ने सात मोबाइल, सात फर्जी सिम और तीन बाइक बरामद की हैं।