•राखी बांधकर दिया भाईचारे और सद्भाव का संदेश, खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया दमखम
के.के. मिश्रा, संवाददाता।
भुजैनी, खलीलाबाद (संत कबीर नगर)। उदया इंटरनेशनल स्कूल में रक्षाबंधन एवं राष्ट्रीय खेल दिवस का संयुक्त आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित विशेष प्रार्थना सभा से हुई। विद्यालय के चेयरमैन उदय राज तिवारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।


रक्षाबंधन के अवसर पर विद्यालय की छात्राओं ने छात्र-छात्राओं के बीच भाईचारे, प्रेम और सद्भाव का संदेश देते हुए छात्रों को राखी बांधी। विद्यार्थियों ने चेयरमैन उदय राज तिवारी को भी राखी बांधकर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर चेयरमैन उदय राज तिवारी ने रक्षाबंधन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व प्रेम, विश्वास और सुरक्षा का प्रतीक है। राष्ट्रीय खेल दिवस के संदर्भ में उन्होंने महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के योगदान को याद करते हुए विद्यार्थियों को खेलों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक अंकित राज तिवारी ने विद्यार्थियों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय पर्व हमारी सांस्कृतिक विरासत के संवाहक हैं। ये पर्व हमें आपसी प्रेम, सम्मान और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ खेल एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
प्रधानाचार्य बी.के. सेनापति ने भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और खेल भावना के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने मेजर ध्यानचंद के जीवन एवं उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को अनुशासन, परिश्रम और समर्पण के साथ शिक्षा एवं खेल दोनों क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
मनीष ने 100 और 200 मीटर दौड़ में जीता स्वर्ण
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कक्षा 10 के छात्र मनीष गुप्ता ने 100 मीटर एवं 200 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक हासिल कर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित होने का गौरव प्राप्त किया। कक्षा 9 की छात्रा अनामिका यादव ने रजत पदक अर्जित कर विद्यालय का नाम रोशन किया। दोनों विद्यार्थियों को चेयरमैन उदय राज तिवारी ने ट्रॉली बैग देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
राखी निर्माण प्रतियोगिता में दिखी रचनात्मक प्रतिभा
कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों के लिए राखी निर्माण प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं खेल गतिविधियों के तहत रमन हाउस और सुभाष हाउस के बीच रोमांचक फाइनल फुटबॉल मैच खेला गया। कक्षा 9 से 12 तक की छात्राओं के बीच कबड्डी प्रतियोगिता भी हुई, जिसमें खिलाड़ियों ने अनुशासन, टीमवर्क और खेल भावना का परिचय दिया।
विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को चेयरमैन उदय राज तिवारी ने पदक एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया। विद्यालय परिवार ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उन्हें खेल और भारतीय संस्कृति के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों एवं विद्यालय परिवार ने एक-दूसरे को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। इसी के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।