-मंगलायतन विश्वविद्यालय में खेलो इंडिया संवाद-खेल की बात, पीएम के साथ कार्यक्रम आयोजित।
अलीगढ़। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मंगलायतन विश्वविद्यालय में खेलो इंडिया संवाद-खेल की बात, पीएम के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के दिशा-निर्देशन में आयोजित राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से युवाओं को संबोधित किया।

विश्वविद्यालय के मुख्य सभागार में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के साथ माय भारत केंद्र से जुड़े स्वयंसेवकों ने भी उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का संबोधन सुनकर विद्यार्थियों में उत्साह नजर आया। विद्यार्थियों ने कहा कि प्रधानमंत्री का युवाओं को खेलों से जुड़ने, फिटनेस को जीवनशैली का हिस्सा बनाने और खेलों में नए अवसर तलाशने का संदेश प्रेरणादायक रहा।
मंगलायतन विश्वविद्यालय की खेल गतिविधियों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों ने नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने तथा प्रधानमंत्री के फिट इंडिया और विकसित भारत के संदेश को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प भी व्यक्त किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं मेजर ध्यानचंद के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को खेलों को केवल प्रतियोगिता तक सीमित न रखते हुए स्वस्थ जीवनशैली, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास का माध्यम बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुलसचिव कमांडर मनोज के. ने कहा कि खेल विद्यार्थी जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। खेलों से शारीरिक क्षमता के साथ अनुशासन, टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने और अपनी प्रतिभा को पहचान कर उसे निखारने का आह्वान किया। अलीगढ़ के बैडमिंटन खिलाड़ी वंश प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों के साथ अपने खेल सफर और संघर्ष की कहानी साझा की।
उन्होंने मेहनत, निरंतर अभ्यास और धैर्य को सफलता की कुंजी बताया। माय भारत केंद्र के प्रियांशु भारद्वाज ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए नशा मुक्ति की शपथ दिलाई। साथ ही युवाओं को मेरा भारत पोर्टल पर पंजीकरण के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिखर कौशिक ने किया।
इस अवसर पर एनएसएस समन्वयक डा. पूनम रानी, चीफ प्रॉक्टर प्रो. प्रमोद कुमार, डा. सोनी सिंह, डा. भारतेंदु चौहान, डा. जितेंद्र यादव, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डा. मनीषा उपाध्याय, भावना राज, डा. रामगोपाल सिंह, डा. मनीष राव, योगेश कौशिक, तरुण शर्मा आदि उपस्थित रहे।