रक्षाबंधन पर खाकी बनी फरिश्ता, घायल बहन के लिए देवदूत बने यातायात प्रभारी।

Vijaydoot News

बस्ती। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर भाई को राखी बांधने मायके जा रही एक महिला का खुशियों भरा सफर चैनपुरवा के पास हाईवे पर हुए सड़क हादसे के बाद दर्दनाक हो गया। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही यातायात प्रभारी कुलदीप तिवारी अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और मानवता की मिसाल पेश की।

मौके पर पहुंचते ही यातायात प्रभारी ने बिना समय गंवाए घायल महिला की मदद शुरू की। उन्होंने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी और खुद घायल महिला को स्ट्रेचर तक पहुंचाकर एंबुलेंस में शिफ्ट कराया। उनकी तत्परता के चलते घायल महिला को समय रहते उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया जा सका। फिलहाल महिला का इलाज चल रहा है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

हादसे के कारण हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। यातायात प्रभारी ने सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे कराया, जिससे यातायात व्यवस्था जल्द ही सामान्य हो गई।

इस दौरान यातायात पुलिस के कृष्णानंद पांडे, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र, लालमणि सहित स्थानीय पुलिस टीम मौके पर मौजूद रही और राहत एवं यातायात व्यवस्था संभालने में सहयोग किया।

रक्षाबंधन के दिन यातायात प्रभारी कुलदीप तिवारी की संवेदनशीलता और तत्परता ने एक बार फिर साबित किया कि खाकी केवल कानून-व्यवस्था संभालने वाली वर्दी नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में इंसानियत के साथ खड़ी होने वाली ताकत भी है। मौके पर मौजूद लोगों ने घायल महिला की मदद के लिए यातायात प्रभारी द्वारा दिखाई गई तत्परता की जमकर सराहना की।