बस्ती। राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (नाको) एवं अलायंस इंडिया की टीम ने एआरटी सेंटर का दौरा कर वहां संचालित पेपरलेस व्यवस्था और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का मूल्यांकन किया। टीम की सदस्य डॉ. सरिता ने सेंटर में संचालित विभिन्न कार्यों की जानकारी लेते हुए व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया। व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।
निरीक्षण के दौरान डॉ. सरिता ने एआरटी सेंटर के एक-एक काउंटर पर पहुंचकर वहां हो रहे कार्यों को देखा। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों से काउंटर पर होने वाली प्रक्रिया, मरीजों के पंजीकरण एवं सेवाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं तथा पेपरलेस प्रणाली के संचालन की जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों से पेपरलेस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर विशेष ध्यान देने को कहा।
डॉ. सरिता ने सेंटर के काउंसलर से भी बातचीत की और यहां आने वाले मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। मरीजों की काउंसिलिंग, उनकी समस्याओं और सेंटर की कार्यप्रणाली को लेकर भी विस्तार से चर्चा हुई।
उन्होंने कहा कि मरीजों को सहज, सुविधाजनक और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। साथ ही पेपरलेस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जाने चाहिए।
इस अवसर पर डॉ. फरहान अहमद, काउंसलर श्रीनाथ मणि पांडेय, सरवन कुमार पांडेय, सीमा, ज्योत्सना, सुरेश, रितेश प्रताप समेत अन्य कर्मचारी एवं संबंधित लोग मौजूद रहे।