•उ0प0 जर्नलिस्ट एसोसिएशन के जिला उपाध्यक्ष के रूप में वरिष्ठ पत्रकार के के मिश्रा को किया गया नामित।
के के मिश्रा संवाददाता।
संत कबीर नगर। उत्तर प्रदेश जर्नलिस्ट एसोसिएशन (उपजा) की संत कबीर नगर जिला इकाई का गठन शुक्रवार, 28 अगस्त 2026 को प्रदेश अध्यक्ष जीसी श्रीवास्तव के निर्देशन में आयोजित बैठक में किया गया।

वरिष्ठ पत्रकार अनिल श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई बैठक में पत्रकारों की एकजुटता, संगठन की मजबूती और पत्रकार हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। इसके बाद सर्वसम्मति से जिला इकाई के पदाधिकारियों का मनोनयन किया गया।
बैठक में डॉ. देवेंद्र कुमार गौतम को जिला संरक्षक, मोहम्मद सईद पठान को जिला अध्यक्ष तथा आशु सिंह को जिला महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं देवेंद्र कुमार मिश्रा को वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष, ईमान करीम एवं मोहम्मद हाशिम व कृष्ण कुमार मिश्रा को जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया।
इसी क्रम में केदारनाथ उपाध्याय एवं अखिलेश यादव को जिला सचिव, जबकि मैनुल आब्दीन, राम भजन वर्मा एवं अमृत पांडेय को जिला उपसचिव की जिम्मेदारी दी गई। अनिल श्रीवास्तव को संगठन मंत्री, आशुतोष दुबे को लीगल एडवाइजर तथा इजहार शाह एवं कृष्ण गोविंद राव और दुर्गेश यादव को कार्यकारिणी सदस्य मनोनीत किया गया।
संगठन की ओर से बताया गया कि नवगठित जिला इकाई के सभी पदाधिकारियों की सूची प्रदेश अध्यक्ष जीसी श्रीवास्तव को सूचनार्थ प्रेषित कर दी गई है। जिला इकाई के गठन से जनपद के पत्रकारों को संगठनात्मक स्तर पर एक साझा मंच मिलने तथा पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने की उम्मीद जताई गई।
बैठक में संगठन को तहसील एवं ब्लॉक स्तर तक मजबूत करने, पत्रकारों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाने तथा आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने पत्रकारिता की गरिमा, निष्पक्षता, जिम्मेदारी और सामाजिक सरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता बनाए रखने पर जोर दिया।
नवगठित जिला इकाई के संरक्षक डॉ. देवेंद्र कुमार गौतम ने सभी मनोनीत पदाधिकारियों एवं सदस्यों को बधाई देते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए आपसी समन्वय और सामूहिक सहभागिता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन की जिम्मेदारी संभालने वाले सभी पदाधिकारी पत्रकार हितों के साथ-साथ पत्रकारिता की विश्वसनीयता और गरिमा को बनाए रखने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक के अंत में उपस्थित पत्रकारों ने नव मनोनीत पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और जनपद में संगठन को सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।