•बाढ़ देखने निकले थे तीनों, एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे; हादसे के बाद गांव में मचा कोहराम
रिपोर्ट: अरुण कुमार।
बस्ती। कलवारी थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई। चनगहिया गांव के पास कार और बाइक की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में बाइक सवार दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
एक ही बाइक से बाढ़ देखने निकले थे तीनों
मृतकों की पहचान नगर थाना क्षेत्र के घोईसापुर निवासी शहाबुद्दीन (28), नूरआलम (26) और शरीफ (29) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर बाढ़ की स्थिति देखने के लिए निकले थे। दोपहर करीब 2:30 बजे चनगहिया गांव के पास उनकी बाइक सामने से आ रही कार से टकरा गई।
दो की मौके पर मौत, तीसरे ने रास्ते में तोड़ा दम
हादसा इतना भीषण था कि शहाबुद्दीन और नूरआलम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं शरीफ गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई।
तीन मौतों से गांव में पसरा मातम
एक साथ तीन युवकों की मौत की खबर मिलते ही घोईसापुर गांव में मातम छा गया। हादसे की सूचना पर परिजनों में कोहराम मच गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।