•विधायक मेहदावल ने मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
केके मिश्रा, संवाददाता।
संत कबीर नगर, 29 अगस्त। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर मान्यवर श्री कांशीराम जी स्पोर्ट्स स्टेडियम परिसर में हॉकी एवं कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक मेहदावल अनिल कुमार त्रिपाठी ने हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण कर प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी अभिज्ञान मालवीय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

आयोजन युवा मंडल के खिलाड़ियों के बीच कराया गया। हॉकी एवं कबड्डी प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के समापन पर विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को शील्ड, मेडल, टी-शर्ट एवं जर्सी प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मेरा युवा भारत की ओर से लेखाधिकारी सुधांश त्रिपाठी, युवा कल्याण विभाग से रितेश राय तथा स्वयंसेवक रवि शंकर, अजय कुमार, अनुभव तिवारी, राधा शुक्ला, गौरी पांडे और विनोद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
पीएम श्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में छात्राओं को बॉक्सिंग की जानकारी
इसी क्रम में पीएम श्री राजकीय कन्या इंटर कॉलेज खलीलाबाद में भी राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया गया। यहां जिला क्रीड़ा अधिकारी अभिज्ञान मालवीय ने छात्राओं को बॉक्सिंग खेल के संबंध में विशेष जानकारी देते हुए उन्हें खेलों के प्रति प्रोत्साहित किया। विद्यालय में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का भी आयोजन कराया गया।
विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. सबीहा मुमताज ने हॉकी के महान जादूगर मेजर ध्यानचंद के जीवन एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि जिला क्रीड़ा अधिकारी अभिज्ञान मालवीय एवं मेरा युवा भारत के लेखाधिकारी सुधांशु त्रिपाठी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए विभिन्न खेलों की जानकारी दी तथा बॉक्सिंग खेल की महत्वपूर्ण बारीकियों से अवगत कराया।
अधिकारियों ने छात्राओं से खेलों में अधिक से अधिक भागीदारी करने का आह्वान किया। प्रतियोगिताओं में वैष्णवी, सौम्या सिंह, सुरुचि विश्वकर्मा, पूर्णिमा, अंकिता, रंजना चौरसिया और अंशिका सहित छात्राओं ने प्रतिभाग किया।इस अवसर पर सोनिया, माला तिवारी, उषा वर्मा, मधु मिश्रा आदि उपस्थित रहीं।