गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ (नरसा) के तत्वावधान में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को सैयद मोदी रेलवे स्टेडियम में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संघ के पदाधिकारियों, अधिकारियों, खिलाड़ियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत हॉकी के महान खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस अवसर पर खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से ‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ थीम पर हॉकी, बैडमिंटन, बास्केटबॉल एवं वॉलीबॉल के मैच कराए गए।
प्रतियोगिताओं में पूर्वोत्तर रेलवे क्रीड़ा संघ के अधिकारियों, उनके परिवारजनों, खिलाड़ियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी की। प्रतिभागियों ने खेलों के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित रूप से खेलों से जुड़े रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में नरसा के महासचिव अक्षय मिश्रा, पुरुष हॉकी सचिव नदीमुल हक, महिला हॉकी सचिव आदित्य प्रकाश, सहायक क्रीड़ा अधिकारी चंद्र विजय सिंह सहित नरसा के कोच, मैनेजर एवं वरिष्ठ खिलाड़ियों का विशेष सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा।
इस दौरान उपस्थित पदाधिकारियों एवं खिलाड़ियों ने खेलों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा अधिक से अधिक युवाओं को खेलों से जोड़ने का संकल्प लिया।