भाजपा संगठन की मजबूती का आधार बूथ समिति है : दीपक मौर्या
रिपोर्ट : संजय त्रिपाठी।
सिद्धार्थनगर। भारतीय जनता पार्टी के बूथ संगठन को मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से जिले के सभी मंडलों में हो रहे मंडल कार्यसमिति के सत्यापन के क्रम में आज भाजपा जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या की अध्यक्षता में नौगढ़ नगर मंडल के बूथ समितियों के सत्यापन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष, संतकबीर नगर के प्रभारी एवं जनपद के प्रवासी अजय सिंह गौतम उपस्थित रहे।
बैठक में सभी शक्तिकेंद्र संयोजक, शक्तिकेंद्र प्रभारी एवं प्रवासियों के साथ बूथ समितियों के सत्यापन कार्य की समीक्षा की गई। मुख्य अतिथि अजय सिंह गौतम ने बूथवार जानकारी लेते हुए संगठन द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर सत्यापन कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि बूथ समिति भारतीय जनता पार्टी के संगठन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। कार्यकर्ताओं को जो समय बूथ सत्यापन के लिए दिया गया है, उस समय सीमा का इंतजार किए बिना निर्धारित कार्य को समय से पहले पूरा करने का प्रयास करें। बूथ समिति जितनी मजबूत और सक्रिय होगी, संगठन उतना ही प्रभावी होगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ बूथों पर पहुंचकर सत्यापन कार्य को पूर्ण करने का आह्वान किया।
जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की ताकत उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं। बूथ समिति संगठन की नींव है और मजबूत बूथ ही मजबूत संगठन का आधार है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता सुनिश्चित करते हुए बूथ समिति का सत्यापन पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए। संगठन द्वारा दिए गए दायित्व को समयबद्ध तरीके से पूरा करना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
जिलाध्यक्ष ने कहा कि सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आपसी समन्वय बनाकर बूथों को और अधिक सशक्त करें तथा संगठन की गतिविधियों को प्रत्येक बूथ तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता सदैव संगठन को सर्वोपरि मानकर कार्य करता है।
बैठक में मंडल प्रवासी विपिन सिंह, प्रभारी पवन मिश्रा, जिला महामंत्री फतेहबहादुर सिंह, रमेश मणि त्रिपाठी, गगन श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष सतीश रस्तोगी, अरविंद पांडेय, राजाराम लोधी, प्रमोद श्रीवास्तव, बबलू श्रीवास्तव, पंकज श्रीवास्तव, योगेश मोहन मिश्रा, घनश्याम चौधरी सहित मंडल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।