•शिक्षक राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव- शैल कुमार शुक्ल
बस्ती। शिक्षक दिवस पर शनिवार को उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक, क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए शिक्षकों एवं कर्मचारियों को सम्मानित कर शिक्षा, संस्कार और समाज निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
मुख्य अतिथि सदर ब्लॉक के अध्यक्ष शैल कुमार शुक्ल ने कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम पूरा करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि समाज की दिशा और राष्ट्र के भविष्य को गढ़ने वाला मार्गदर्शक होता है। एक शिक्षक अपने ज्ञान, संस्कार और आचरण से पीढ़ियों का निर्माण करता है। इसलिए शिक्षक का सम्मान वास्तव में ज्ञान, संस्कार और राष्ट्र निर्माण का सम्मान है।
उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक के डीआरएम भूपेन्द्र नाथ पाण्डेय ने बैंक द्वारा शिक्षकों एवं आमजन के लिए उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न बैंकिंग एवं वित्तीय सुविधाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। कहा कि बैंक का उद्देश्य ग्राहकों को सरल, सुरक्षित एवं सुविधाजनक बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों को वित्तीय रूप से सशक्त बनाना है। संचालन बैंक के सतर्कता विभाग के क्षेत्राधिकारी सापेक्ष शुक्ल ने किया।
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, के जिला प्रवक्ता सूर्य प्रकाश शुक्ल ने कहा कि उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों के सम्मान में आयोजित यह कार्यक्रम अत्यंत सराहनीय एवं अनुकरणीय पहल है।
कहा कि जब कोई संस्था शिक्षकों के योगदान को सम्मान देती है तो इससे न केवल शिक्षकों का मनोबल बढ़ता है, बल्कि समाज में शिक्षा एवं शिक्षक के प्रति सम्मान की भावना भी मजबूत होती है।
समारोह में जनपद के विभिन्न विद्यालयों एवं विभागों से जुड़े शिक्षकों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में संजय पाण्डेय, संतोष कुमार मिश्रा, ज्ञान प्रताप उपाध्याय, आशुतोष कुमार पाण्डेय, शिवशंकर यादव, अमरेन्द्र कुमार प्रजापति, रवीन्द्र गौतम, राघवेन्द्र प्रताप पाण्डेय, सचिन शुक्ल, अखिलेश कुमार मिश्र, उत्कर्ष मिश्रा, करुणा निधान मिश्रा सहित जनपद के अनेक शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


