•सोशल मीडिया पर भावुक वीडियो वायरल, यमराज और सरदार जी के संवाद के जरिए दिया गया जीवन का गहरा संदेश।
•विजय नागपाल।
कहानी। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक भावुक और प्रेरणादायक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक सरदार जी और यमराज के बीच संवाद के माध्यम से जीवन की एक महत्वपूर्ण सच्चाई को बेहद मार्मिक ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
वीडियो में दिखाया गया है कि सरदार जी अपने जीवनभर की कमाई, धन-दौलत, गहने और कीमती कपड़े समेट रहे हैं। उनकी इच्छा है कि संसार में अर्जित की गई हर चीज को वह अपने साथ लेकर जाएं।

इसी दौरान वहां यमराज पहुंचते हैं और उनसे कहते हैं कि अब उनके संसार में रहने का समय पूरा हो चुका है। यमराज स्पष्ट रूप से कहते हैं कि वे अपने साथ किसी व्यक्ति या वस्तु को नहीं ले जा सकते और अब उन्हें उनके साथ चलना होगा।
सरदार जी यमराज को समझाने का प्रयास करते हैं, लेकिन यमराज उनकी एक भी बात नहीं सुनते। अंततः सरदार जी को जीवन की उस सच्चाई का एहसास होता है, जिसे इंसान अक्सर सांसारिक मोह-माया में भूल जाता है।
इसके बाद सरदार जी संसार को अंतिम संदेश देते हुए कहते हैं कि इस दुनिया से धन-दौलत, गहने और कोई भी भौतिक वस्तु साथ नहीं जाती। इंसान के पास जितने भी पल हैं, उन्हें खुशी और अच्छे तरीके से जीना चाहिए, क्योंकि पता नहीं कब इस संसार से विदा होने का समय आ जाए।

वह लोगों को अच्छे कर्म करने का संदेश देते हैं और कहते हैं कि अंत में यदि कुछ साथ जाता है तो वह हमारे कर्म हैं। इसके बाद यमराज सरदार जी को अपने साथ ले जाते हैं।
कहानी का संदेश
यह वायरल कहानी इंसान को जीवन की सबसे बड़ी सच्चाई का एहसास कराती है। धन-दौलत और भौतिक सुख-सुविधाएं जीवन को आसान बना सकती हैं, लेकिन मृत्यु के बाद इनमें से कुछ भी साथ नहीं जाता। इंसान की पहचान और उसके कर्म ही उसके पीछे रह जाते हैं।
इसलिए जीवन में जितना संभव हो, जरूरतमंदों की मदद करें, दूसरों के साथ अच्छा व्यवहार करें और ऐसे कर्म करें, जिन्हें याद करके लोग आपको सम्मान के साथ याद करें। संदेश साफ है— “सब कुछ यहीं रह जाएगा, साथ जाएंगे तो सिर्फ कर्म।”


