•अग्रसेन भवन में महेश अग्रवाल के नेतृत्व में हुआ पूजन एवं आरती, जयघोष से कृष्णमय हुआ सौंख।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
सौंख, मथुरा। भगवान योगेश्वर श्रीकृष्ण के भव्य एवं दिव्य मंदिर निर्माण के संकल्प के निमित्त तैयार कराई गई रजत संकल्प शिला मंगलवार को मथुरा के सौंख नगर पहुंची। श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर-मस्जिद प्रकरण में हिंदू पक्षकार दिनेश फलाहारी महाराज के नेतृत्व में विशेष रथ से संकल्प शिला को सौंख लाया गया। नगर में प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया।

इस दौरान पूरा सौंख नगर श्रीकृष्णमय नजर आया। श्रद्धालुओं ने “भगवान योगेश्वर श्रीकृष्ण की जय”, “राधा रानी की जय” और “अयोध्या हुई हमारी है, अब मथुरा की बारी है” जैसे जयघोष किए। जगह-जगह लोगों ने संकल्प शिला के दर्शन कर पूजा-अर्चना की।
इसके बाद अग्रसेन भवन में अग्रवाल सभा के अध्यक्ष महेश अग्रवाल के नेतृत्व में रजत संकल्प शिला का विधि-विधान से पूजन एवं आरती की गई। महेश अग्रवाल ने कहा कि संकल्पित रजत शिला के पूजन और आरती का अवसर मिलना उनके लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि सभी सनातनियों की कामना है कि जिस प्रकार अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर बना है, उसी प्रकार मथुरा में भी भगवान श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य एवं दिव्य मंदिर का निर्माण हो।
दिनेश फलाहारी महाराज ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर निर्माण के संकल्प के साथ तैयार कराई गई यह रजत शिला देशभर में पूजन कार्यक्रम के लिए ले जाई जा रही है। उन्होंने बताया कि संपूर्ण भारत में एक लाख पवित्र स्थानों पर संकल्पित रजत शिला के पूजन का कार्यक्रम प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि न्यायालय के निर्णय के बाद श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण होने की स्थिति में इस संकल्पित रजत शिला का उपयोग मंदिर निर्माण में प्रथम रजत शिला के रूप में किए जाने का संकल्प है।
उन्होंने बताया कि रजत संकल्प शिला का प्रथम पूजन श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र एवं श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष पूज्य नृत्य गोपाल दास महाराज के कर-कमलों से हुआ था। इसके बाद यह शिला देशभर में विभिन्न धार्मिक स्थलों और सनातन समाज के बीच पूजन एवं जनजागरण के लिए पहुंचाई जा रही है।
कार्यक्रम प्रभारी संयोजक पं. राजेश पाठक ने कहा कि पूज्य फलाहारी महाराज के नेतृत्व में संकल्पित रजत शिला का पूजन संतों, प्रमुख धार्मिक स्थलों और सनातन समाज द्वारा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से करोड़ों हिंदुओं को भगवान योगेश्वर श्रीकृष्ण की जन्मभूमि से जुड़े विषय से सीधे तौर पर जोड़ने और जनजागरण का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद के वरिष्ठ नेता जय राम शर्मा, हरिदास महाराज, विष्णु अग्रवाल, पवन सिंघल, साकेत अग्रवाल, सतीश अग्रवाल, विशेष कुमार, जुगल किशोर, शालू चौधरी, अभिषेक बजाज, मोनू, संतोष कुमार, अनिल कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।


