अयोध्या। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बच्चों के बचपन की रक्षक सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियां और सहायिकाएं वास्तव में भारत के भविष्य की रक्षक हैं। उन्होंने कहा कि यदि बचपन स्वस्थ होगा, तो भारत स्वस्थ, समर्थ, आत्मनिर्भर और विकसित बनेगा।
मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की पावन जन्मभूमि अयोध्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं, मेधावी बच्चों तथा पोषण, शिक्षा एवं महिला कल्याण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली अधीक्षिकाओं के सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने नव-नियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं सहायिकाओं को नियुक्ति-पत्र भी वितरित किए।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘टेक होम राशन’ (THR) पर आधारित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। उन्होंने ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत माउंट एवरेस्ट बेस कैंप पर विजय अभियान पूरा करने वाली बालिकाओं को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं सहायिकाओं के बढ़े हुए मानदेय का सांकेतिक चेक भी प्रदान किया। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियां और सहायिकाएं बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा की नींव मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने सम्मानित सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं, अधीक्षिकाओं, मेधावी बच्चों और अभियान में सफलता प्राप्त करने वाली बालिकाओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


