रिपोर्ट: एल०एम० पाण्डेय।
गोरखपुर। पूर्वोत्तर रेलवे में संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले छह रेल कर्मचारियों को उनकी सजगता, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा के लिए ‘स्टार परफॉर्मर ऑफ द मंथ’ घोषित कर सम्मानित किया गया। महाप्रबंधक सभाकक्ष ‘चैतन्य’ में आयोजित कार्यक्रम में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने सभी कर्मचारियों को नकद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
सम्मानित कर्मचारियों में लखनऊ मंडल के गोरखपुर जंक्शन पर गाड़ी प्रबंधक रामेश्वर निषाद शामिल हैं। उन्होंने 11 जून को खलीलाबाद स्टेशन पर बीसीएन मालगाड़ी का कार्यभार लेते समय लाइन संख्या-5 में टूटी पटरी देखी और तत्काल स्टेशन अधीक्षक को सूचना दी। उनकी सतर्कता से संभावित दुर्घटना टल गई।
इसी मंडल के पचपेड़वा स्टेशन पर स्टेशन मास्टर रवि कुमार यादव ने 19 जुलाई को डाउन मालगाड़ी के गुजरने के दौरान गार्ड की बोगी के 18वें और 14वें पहिए से चिंगारी निकलते देखी। उन्होंने तत्काल ट्रेन प्रबंधक एवं बढ़नी के स्टेशन मास्टर को सूचना दी, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सकी।
वाराणसी मंडल के कुसम्ही स्टेशन पर कांटावाला अजीत कुमार ने 27 जुलाई को गाड़ी संख्या 14674 के एसएलआर कोच से धुआं निकलते देखा। उन्होंने तत्काल लाल सिग्नल दिखाकर ट्रेन रुकवाई। जांच में ब्रेक बाइंडिंग की समस्या सामने आई, जिसे ठीक करने के बाद ट्रेन को सुरक्षित रवाना किया गया।
वाराणसी मंडल के बेलथरा रोड स्टेशन पर फाटकवाला राजेश कुमार यादव ने 15 जून को गाड़ी संख्या 15132 डाउन के पावरकार से आग की लपटें निकलती देखीं। उन्होंने तत्काल स्टेशन मास्टर को सूचना दी। इसके बाद आठ अग्निशामक यंत्रों की मदद से आग पर काबू पाया गया।
इज्जतनगर मंडल के सोनाई स्टेशन पर गेटमैन रामराज मीना ने 29 जून को समपार संख्या 332/सी पर गाड़ी संख्या 55335 अप के गुजरते समय एक पायदान को लटका हुआ और जमीन से टकराते देखा। उन्होंने तत्काल स्टेशन मास्टर को सूचना दी, जिसके बाद आवश्यक सुधार कर ट्रेन को सुरक्षित चलाया गया।
वहीं, इज्जतनगर मंडल के सीनियर सेक्शन इंजीनियर कानपुर अनवरगंज के अधीन ट्रैकमैन्टेनर विनय कुमार ने 18 जुलाई को चौबेपुर-बर्राजपुर स्टेशनों के मध्य पेट्रोलिंग के दौरान किमी 32/21 से 33/1 के बीच स्लीपर के पास बैलास्ट खिसका हुआ देखा। उसी समय बर्राजपुर से गाड़ी संख्या 19715 डाउन आ रही थी। उन्होंने तत्काल लाल झंडी दिखाकर ट्रेन को रोक दिया और सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई के बाद ट्रेन को आगे बढ़ाया गया।
महाप्रबंधक उदय बोरवणकर ने सभी छह कर्मचारियों की कार्य के प्रति सजगता, तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि रेल संरक्षा में कर्मचारियों की सतर्कता अत्यंत महत्वपूर्ण है। इन कर्मचारियों द्वारा समय रहते खामियों को पहचानकर की गई कार्रवाई से संभावित दुर्घटनाओं को टाला जा सका।


