खुली बैठक में ग्रामीणों को विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
के.के. मिश्रा, संवाददाता
संत कबीर नगर। शासन के निर्देश के क्रम में बघौली विकासखंड की आदर्श ग्राम पंचायत चांदीडीहा स्थित पंचायत भवन में सोशल ऑडिट कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सहयोग, सहभागिता और पारदर्शिता के अनुरूप सोशल ऑडिट बीआरपी (ब्लॉक रिसोर्स पर्सन) संत देव शुक्ला के निर्देशन में टीम के सदस्यों ने ग्राम पंचायत में कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय एवं भौतिक सत्यापन किया।
सत्यापन के उपरांत पंचायत भवन परिसर में खुली बैठक आयोजित की गई। बैठक में सोशल ऑडिट टीम ने उपस्थित ग्रामीणों को ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधान द्वारा कराए गए विकास कार्यों तथा शासन की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान ग्रामीणों ने सोशल ऑडिट प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत में शासन द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना शासन की मंशा के अनुरूप है।
बैठक में ग्राम पंचायत अधिकारी, टीए, ग्राम प्रधान सहित सोशल ऑडिट टीम के सदस्य एवं सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विकास कार्यों से संबंधित जानकारी ग्रामीणों के समक्ष साझा की गई तथा पारदर्शिता एवं जवाबदेही पर जोर दिया गया।


