बस्ती। पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने गुरुवार को कोतवाली बस्ती क्षेत्र स्थित बेगम खैर गर्ल्स इंटर कॉलेज में मिशन शक्ति फेज-5.0 (II) एवं साइबर जागरूकता अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं और शिक्षकों को महिला सुरक्षा तथा साइबर अपराध से बचाव के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में डीआईजी ने छात्राओं से संवाद करते हुए उनकी सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी दी। उन्होंने महिला सुरक्षा एवं सहायता के लिए संचालित हेल्पलाइन नंबर 1090, 181, 112, 1076, 102 और 108 के उपयोग के बारे में बताया। इस दौरान मिशन शक्ति के पंपलेट भी वितरित किए गए।
डीआईजी ने बताया कि प्रत्येक थाने पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहां महिलाएं और छात्राएं अपनी समस्याएं महिला पुलिसकर्मियों के समक्ष सहजता से रख सकती हैं। उन्होंने छात्राओं से किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर बिना झिझक पुलिस की सहायता लेने की अपील की।
साइबर जागरूकता अभियान के तहत उन्होंने साइबर अपराध और ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव के उपाय भी बताए। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें अथवा cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी सदर मानसी दहिया, क्षेत्राधिकारी कलवारी बृजेश सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बस्ती, प्रभारी निरीक्षक महिला थाना, कॉलेज प्रबंधन के पदाधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


