•अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 23 लाख रुपये आंकी गई कीमत।
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
रामकोट, सीतापुर। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सीतापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में एसओजी और थाना रामकोट पुलिस की संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान करीब 92 किलो अवैध गांजा बरामद कर सात अंतरजनपदीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 23 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ब्रेजा कार और डीसीएम वाहन को भी कब्जे में लिया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक पीयूष सिंह के अनुसार 13 सितंबर 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आलोक सिंह के निकट पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर विनय कुमार यादव के नेतृत्व में एसओजी व रामकोट पुलिस की संयुक्त टीम अर्थाना की ओर से आ रहे दो संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इनमें एक काले/ग्रे रंग की ब्रेजा कार और उसके पीछे चल रहा डीसीएम शामिल था। पुलिस टीम ने दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने भागने की कोशिश की। इस पर पुलिस ने ग्राम रामकोट के मधवापुर से करीब 200 मीटर आगे तालाब के पास घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोक लिया।
तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से चार सफेद प्लास्टिक की बोरियों में करीब 92 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा तस्करी में प्रयुक्त ब्रेजा कार संख्या UP 32 KT 8117 और डीसीएम संख्या CH 01 TC 0963 को कब्जे में ले लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे बाहर से गांजा लाकर विभिन्न ग्राहकों को बेचते हैं। आरोपी गांजे को कार की डिग्गी और डीसीएम के डाले में छिपाकर बरेली की ओर ले जा रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनोद कुमार पाण्डेय निवासी बिमौर, थाना कोतवाली नगर, गोण्डा; विजय महतो निवासी ढेकहा वाला टोला, थाना पिपरा कोठी, मोतिहारी (बिहार); मुन्ना कुमार निवासी भेलवा, थाना छबड़ादानो, मोतिहारी (बिहार); रामस्वरूप वर्मा निवासी दलपतपुर, थाना इटियाथोक, गोण्डा; रामआशीष वर्मा निवासी बभुनी सराय, थाना खरगूपुर, गोण्डा; सचिन लोधी निवासी परवल पश्चिम, थाना बिजनौर, लखनऊ तथा विनोद कुमार निवासी रूपानागल, थाना आदमपुर, अमरोहा के रूप में हुई है।
इस मामले में थाना रामकोट में मुकदमा अपराध संख्या 260/26 के तहत धारा 8/20/27 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर सातों आरोपियों का चालान न्यायालय किया गया है। आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी के लिए संबंधित जांच एजेंसियों से समन्वय किया जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थाना रामकोट प्रभारी निरीक्षक पीयूष सिंह, उपनिरीक्षक राजेश कुमार राय, हेड कांस्टेबल विक्रम सिंह, कांस्टेबल विशाल व सनी कुमार तथा एसओजी टीम के निरीक्षक सत्येन्द्र विक्रम सिंह, उपनिरीक्षक अरविन्द शुक्ला, हेड कांस्टेबल शराफत अली, सोहनपाल, हेमंत कुमार सिंह, कांस्टेबल गुरपाल सिंह, दीपक रंजन व प्रशांत शेखर सिंह शामिल रहे।


