•61वें ब्रज कवि पं. सुरेश चतुर्वेदी स्मृति अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में जुटेंगे देशभर के ख्यातिलब्ध कवि
हाथरस। विश्व प्रसिद्ध दाऊजी महाराज के 115वें प्रांतीय मेले के अवसर पर ब्रजभाषा को समर्पित 61वें ब्रज कवि पंडित सुरेश चतुर्वेदी स्मृति अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन आगामी 18 सितंबर को होगा। सम्मेलन में देशभर से आए ख्यातिलब्ध कवि अपनी रचनाओं की प्रस्तुति देंगे। मथुरा से हास्य कवि गोपाल चतुर्वेदी, अक्षय चतुर्वेदी और कवयित्री रेनू उपाध्याय भी इस मंच पर अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
गोपाल चतुर्वेदी ने बताया कि भारत के महान हास्य कवि काका हाथरसी की नगरी में अपनी हास्य कविताएं प्रस्तुत करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने आयोजन समिति के प्रति आभार जताते हुए कहा कि ब्रजभाषा को समर्पित इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले कवियों के साथ मंच साझा करना गौरव का विषय है।
कवि सम्मेलन में चेन्नई से कवयित्री आरती गौड़ मदरासी, अलीगढ़ से पूनम शर्मा ‘पूर्णिमा’, कामवन से हास्य कवि डॉ. भगवान मकरंद, अलीगढ़ से कुँवरपाल उपाध्याय ‘भंवर’, बाड़ी से हास्य पैरोडीकार रामबाबू सिकरवार, आगरा से मोहित सक्सैना तथा चच्चा उदयभानी समेत अन्य कवि अपनी रचनाओं से श्रोताओं का मनोरंजन करेंगे।
इसके अलावा स्थानीय कवियों में मनु दीक्षित ‘मनु’, रसराज, चांद हुसैन ‘चांद’, रोशनलाल वर्मा, जयप्रकाश पचौरी, प्रभु वंदना प्रस्तुत करने वाली रुपम कुशवाह और सोनाली वार्ष्णेय भी अपनी प्रस्तुतियां देंगी।
सम्मेलन के संयोजक अनिल बौहरे ने बताया कि प्रशासन इस बार दाऊजी महाराज मेले को बेहतर और व्यवस्थित बनाने में जुटा है। उन्होंने मातृभाषा प्रेमियों एवं कविता प्रेमियों से अपील की कि ब्रजभाषा को समर्पित इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कवि सम्मेलन को सफल बनाएं।


