•एक क्लिक पर मिलेगा पूरा रिकॉर्ड, स्कूल बदलना होगा आसान, अभिभावक की सहमति जरूरी।
लखनऊ/मथुरा। उत्तर प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले प्रत्येक बच्चे की अब 12 अंकों की अपार आईडी बनाई जाएगी। महानिदेशक स्कूल शिक्षा, उत्तर प्रदेश ने सभी जिलों के बेसिक शिक्षा अधिकारियों को शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
अपार यानी ऑटोमेटेड परमानेंट एकेडमिक अकाउंट रजिस्ट्री। यह आधार से लिंक 12 अंकों की स्थायी डिजिटल आईडी होगी जो यू-डायस प्लस पोर्टल पर बनेगी। यह मौजूदा पेन नंबर की जगह लेगी। इसका पूरा डेटा डिजीलॉकर में सुरक्षित रहेगा।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस आईडी के बनने से छात्र का रिजल्ट, उपस्थिति, छात्रवृत्ति और अन्य उपलब्धियों का पूरा रिकॉर्ड एक जगह सुरक्षित रहेगा। इससे एक स्कूल से दूसरे स्कूल में स्थानांतरण और प्रवेश की प्रक्रिया पारदर्शी और आसान हो जाएगी। साथ ही ड्रॉप आउट बच्चों को ट्रैक करने में मदद मिलेगी।
विभाग ने साफ किया है कि यह आईडी केवल अभिभावकों की लिखित सहमति के बाद ही बनाई जाएगी। इसके लिए स्कूलों द्वारा अभिभावकों को सहमति पत्र दिया जा रहा है।

