•मधुमक्खी पालन से कम लागत में बढ़ाएं किसानों की आय।
•90 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण आज से शुरू, उद्यान विभाग ने मांगे आवेदन।
औरैया। किसानों की आय बढ़ाने के लिए उद्यान विभाग ने मधुमक्खी पालन को अनुपूरक कृषि व्यवसाय के रूप में अपनाने की अपील की है। जिला उद्यान अधिकारी सुनील कुमार तिवारी ने बताया कि कम भूमि और कम पूंजी में शुरू होने वाला मधुमक्खी पालन किसानों को अतिरिक्त आय का बेहतर जरिया उपलब्ध करा सकता है।
उन्होंने बताया कि मधुमक्खियां केवल शहद उत्पादन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि फसलों में पर-परागण के जरिए उत्पादन बढ़ाने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी अहम भूमिका निभाती हैं। वैज्ञानिक तरीके से मौन पालन करने पर किसान कम लागत में बेहतर आय प्राप्त कर सकते हैं।
उद्यान विभाग की ओर से किसानों को वैज्ञानिक ढंग से मधुमक्खी पालन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। सहारनपुर और बस्ती के औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्रों तथा अधीक्षक राजकीय उद्यान, प्रयागराज में 16 सितंबर से 15 दिसंबर तक 90 दिवसीय निःशुल्क प्रशिक्षण आयोजित होगा।
इच्छुक किसान अधिक जानकारी के लिए जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय, कमरा संख्या 24 व 25, प्रथम तल, विकास भवन ककोर, औरैया से संपर्क कर सकते हैं।

