प्रयागराज। हंडिया क्षेत्र में उत्तर प्रदेश आदर्श युवा व्यापार मंडल के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं पूर्व प्रधान पवन कुमार यादव की मंगलवार शाम गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारिक संगठनों में आक्रोश फैल गया। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार बदमाशों ने शाम करीब छह बजे उनके आवास के पास गोली मारी। गंभीर हालत में उन्हें प्रयागराज मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना को लेकर उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल, आदर्श युवा व्यापार मंडल, आदर्श महिला व्यापार मंडल और अखिल भारतीय हिंदू महासभा व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश एवं जनपद स्तरीय पदाधिकारियों ने गहरा आक्रोश जताया है।
उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के मंडल प्रभारी एवं प्रयागराज जिलाध्यक्ष रमेश केसरवानी ने घटना की जानकारी तत्काल पुलिस कमिश्नर प्रयागराज और डीसीपी गंगापार को मोबाइल के माध्यम से दी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से हत्याकांड का जल्द खुलासा करते हुए घटना में शामिल बदमाशों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
रमेश केसरवानी ने चेतावनी दी कि यदि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार नहीं किया गया तो उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल सड़क पर उतरकर विरोध-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी ई-मेल के माध्यम से घटना की जानकारी देते हुए शीघ्र हत्याकांड का खुलासा कराने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
घटना पर गंगापार जिलाध्यक्ष राजेंद्र केसरवानी, जिला महामंत्री धर्मेंद्र जायसवाल, धीरेंद्र केसरवानी, रामनरेश विश्वकर्मा, भोला केसरवानी, अमन केसरवानी, सुभाष चंद्र केसरवानी, संतोष केसरवानी, मनोज अग्रहरि, विनोद केसरवानी, शंकर लाल केशरवानी, चंद्र प्रकाश केशरी, अभिषेक ओझा, अभिषेक गुप्ता समेत अन्य पदाधिकारियों ने गहरा दुख एवं शोक व्यक्त किया। पदाधिकारियों ने हत्याकांड की कड़ी निंदा करते हुए पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।


