अलीगढ़। मंगलायतन विश्वविद्यालय के कंप्यूटर इंजीनियरिंग एवं एप्लिकेशंस विभाग तथा ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के संयुक्त तत्वावधान में विशेष व्याख्यान एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय “क्रॉस-फंक्शनल बिजनेस प्रॉब्लम सॉल्विंग के लिए एआई” रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
मुख्य वक्ता इंफोजेट अकादमी के संस्थापक जितेंद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में एआई केवल तकनीकी क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि व्यापार और उद्योग के लगभग प्रत्येक क्षेत्र में इसकी उपयोगिता तेजी से बढ़ रही है। उन्होंने एआई, वर्कफ्लो ऑटोमेशन, एनालिटिक्स तथा एआई एजेंट्स के व्यावहारिक उपयोगों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एआई की मदद से विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए व्यावसायिक समस्याओं का अधिक प्रभावी और समयबद्ध समाधान खोजा जा सकता है।
तकनीकी सत्र को संबोधित करते हुए ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के डायरेक्टर डा. लव मित्तल ने कहा कि तेजी से बदलते तकनीकी एवं रोजगार परिदृश्य में विद्यार्थियों के लिए एआई और आधुनिक डिजिटल तकनीकों का ज्ञान बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रहकर उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप अपनी तकनीकी एवं व्यावहारिक दक्षताओं को विकसित करना चाहिए। वहीं डा. सुजीत महापात्रा ने विद्यार्थियों को नई तकनीकों को सीखने और उनका प्रयोग वास्तविक समस्याओं के समाधान में करने के लिए प्रोत्साहित किया। कुलसचिव कमांडर मनोज के. ने मुख्य वक्ता को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। डा. विपिन कुमार ने अतिथि परिचय कराया। राहुल शर्मा ने आभार व्यक्त किया तथा संचालन अंशिका ने किया। इस अवसर पर प्रो. मनोज वार्ष्णेय, डा. हिमांशु शर्मा, सत्यनारायण सारस्वत, ललित किशोर, राहुल शर्मा आदि उपस्थित रहे।


